मुम्बई। पिछले दिनों बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवार्ड मिलने के बाद से ही कुछ क्रिटिक्स अक्षय को अवार्ड दिए जाने का विरोध करने लगे थे। आज एक कार्यक्रम में चुप्पी तोडते हुए अक्षय कुमार ने कहा कि अगर क्रिटिक्स को लगता है कि मैं इस अवार्ड के लायक नही हॅूं तो इसे वापस ले सकते है। सोमवार को अक्षय ने बॉलिवुड स्टंटमैन और वुमन के लिए एक इंश्योरेंस पॉलिसी लॉन्च की है जिसके तहत दुर्घटना की स्थिति में इन लोगों को 10 लाख का बीमा कवरेज मिलेगा। उन्होंने इसी मौके पर यह प्रतिक्रिया दी।
अक्षय ने कहा, ‘मैं 25 साल से देख रहा हूं कि नैशनल अवॉर्ड कोई भी जीते उस पर हमेशा चर्चा होती है, मेरे लिए यह कोई नई बात नहीं है। हमेशा ऐसा ही होता है, इससे पहले भी लोगों ने नैशनल अवॉर्ड पर उंगलियां उठाई हैं। लोगों ने इससे पहले भी कहा है कि अवॉर्ड इसको मिला है, उसको नहीं मिला।’ अक्षय ने कहा, ‘मुझे तो 26 साल के बाद यह सम्मान मिला है और अगर आपका मन करे तो इसे वापस ले लो।’ वहीं, जब पद्म सम्मान मिलने की उम्मीद पर अक्षय से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हमें हमेशा कुछ ना कुछ अच्छा काम करते रहना चाहिए और यह नहीं सोचना चाहिए की कोई सम्मान मिलेगा। पद्म सम्मानों के लिए बहुत काम करना होता है, यह बहुत बड़े अवॉर्ड होते हैं जिसके लिए बड़ा काम करना होता है।’
































