जहां कपूर खानदान का लगभग हर चिराग आज फिल्म इंडस्ट्री में अपनी चमक बिखेर रहा है वहीं इसी खानदान की एक बेटी ऐसी है जिसने लीक से हटकर करियर चुना और अपनी पहचान बनाई। ये हैं शशि कपूर की बेटी संजना कपूर।
जहां करीना-करिश्मा से लेकर उनके बाकी कजिन्स फिल्मी दुनिया में कपूर खानदान का नाम रोशन कर रहे हैं वहीं संजना ने फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध को छोड़कर थियेटर को अपना करियर बनाया और कपूर खानदान के नाम को ऊंचा किया।
संजना के पिता यानि शशि कपूर और उनकी मां जेनिफर केंडल ने मिलकर पृथ्वी थियेटर की शुरुआत की थी। दोनों ने थियेटर में खूब काम किया और आज संजना अपने खानदान की उसी विरासत को संवार रही हैं और साथ लेकर आगे बढ़ रही हैं।
संजना काफी वक्त तक तो पृथ्वी थियेटर से जुड़ी रहीं लेकिन 2012 में पृथ्वी थियेटर छोड़ने के बाद संजना ने अपनी खुद की थियेटर संस्था शुरु की। जूनून नाम की उनकी ये थियेटर संस्था देशभर पर में प्ले ऑर्गेनाइज करती है।
हालांकि ऐसा नहीं है कि संजना ने एक्टिंग में हाथ नहीं आजमाया। चूंकि एक्टिंग विरासत में मिली इसलिए संजना ने सोचा इस में भी हाथ आजमाया जाए और फिल्म ’36 चौरंगी लेन’ से डेब्यू किया।
इस फिल्म को उनके पापा शशि कपूर ने प्रोड्यूस किया था जबकि उनकी मां जेनिफर फिल्म में लीड रोल में थीं। लेकिन ये फिल्म नहीं चली।
इसके बाद संजना कपूर ने ‘हीरो हीरालाल’, ‘सलाम बॉम्बे’ जैसी कई और फिल्में कीं लेकिन वो सभी फ्लॉप रहीं। और फिर संजना ने थियेटर को अपना करियर बना लिया।































