मुम्बई। ‘मर्दानी’ के बाद बेटी अदिरा की वजह से रानी मुखर्जी ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया था, लेकिन अब वह अपनी फिल्म ‘हिचकी’ से कमबैक करने जा रही हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म की शूटिंग मंगलवार से शुरू हो गई है।
यशराज फिल्म ने अपने ऑफिशल ट्विटर अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी है। साथ ही 18 सेकंड का एक विडियो क्लिप शेयर किया है जिसमें रानी मुखर्जी ब्लैक बोर्ड पर यह लिखते नजर आ रही है कि आज से शूटिंग शुरू हो रही है।
#RaniMukerji kickstarts shooting for #Hichki pic.twitter.com/Nnh6cHvKZi
— #Hichki (@HichkiTheFilm) April 4, 2017
फिल्म के निर्माताओं के मुताबिक यह फिल्म एक महिला की सकारात्मक और प्रेरणादायी कहानी पर आधारित है जिसमें यह दिखाया जाएगा कि कैसे वह महिला अपनी सबसे बड़ी कमजोरी को अपनी ताकत बनाती है। पॉजिटिव संदेश देने की वजह से रानी ने ‘हिचकी’ में काम करने का फैसला किया।
यशराज प्रॉडक्शन के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ पी मल्होत्रा कर रहे हैं। ‘दम लगाके हईशा’ और जल्दी ही आनेवाली फिल्म ‘मेरी प्यारी बिंदु’ के बाद एक निर्माता के तौर पर यशराज फिल्म्स के साथ ‘हिचकी’ मनीष शर्मा की तीसरी फिल्म है।































