मुम्बई। बॉलीवुड ऐक्ट्रेस कंगना रानौत निर्देशक हंसल मेहता की फिल्म ‘सिमरन’ के साथ ही इस समय अपनी अगली फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ की तैयारी और फिल्म के वर्कशॉप में व्यस्त हैं। विशाल भारद्वाज की मल्टीस्टारर फिल्म ‘रंगून’ की असफलता के बाद पहली बार मीडिया के सामने एक फैशन ब्रैंड के लॉन्च पर पहुंची कंगना का दर्द सामने आ गया। इस मौके पर जब कंगना से ‘रंगून’ की असफलता को लेकर सवाल पूछा गया तो फिल्म के फ्लॉप होने को लेकर उनकी निराशा खुलकर सामने आई। कंगना ने कहा, ‘मेरा पिछला वर्ष बेहद व्यस्त था। मेरी रिलीज हुई फिल्म ‘रंगून’ को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिला जैसा हमने सोचा था। फिल्म की इस असफलता ने मुझे मायूस किया।’ कंगना अपनी बात बढ़ाते हुए आगे कहती हैं, ‘लेकिन कोई बात नहीं, अब मैं एक और बड़ी फिल्म पर काम कर रही हूं। जिसका नाम है ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ हम जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म में कंगना रानी लक्ष्मी बाई का किरदार निभाएंगी। वह पिछले काफी समय से फिल्म के लिए घुड़सवारी और ऐक्शन-स्टंट सीख रही हैं। वैसे तो कंगना की इस फिल्म का निर्देशन केतन मेहता करने वाले थे लेकिन कंगना के जरुरत से ज्यादा दखल देने पर केतन ने फिल्म से दूरी बना ली। खबर थी कि कंगना फिल्म को केतन के साथ मिलकर खुद भी निर्देशित करना चाहती थीं लेकिन केतन को कंगना का यह दखल बिल्कुल भी मंजूर नहीं था। कंगना फिल्म शुरू होने से पहले ही केतन के पास बार-बार अपनी नई शर्तों के साथ आ जाती थीं जिसमें केतन की सहमति नहीं होती थी।
कंगना बोलीं : अब बनूंगी ‘झांसी की रानी’
Advertisement
































