ऐक्टर रणदीप हुड्डा टेलिविजन शो ‘एमटीवी बिग एफ’ के दूसरे सीजन के मेजबान के तौर पर टीवी पर अपनी पारी शुरू करने जा रहे हैं। रणदीप का मानना है कि अधिकतम दर्शकों तक पहुंचने के लिए अभिनेताओं के लिए टेलिविजन का माध्यम सर्वश्रेष्ठ है।
टीवी पर अपनी पारी शुरू करने के बारे में रणदीप ने कहा, ‘मैं उत्साहित हूं। मुझे बिल्कुल भी घबराहट नहीं हो रही है। मुझसे इतने साल में कई टेलिविजन शो के लिए सम्पर्क किया गया था। मैंने उनके लिए हामी नहीं भरी, क्योंकि वह मेरी पसंद के नहीं थे।’
रणदीप ने कहा, ‘हालांकि, मेरा मानना है कि किसी भी कलाकार के लिए अधिकतम दर्शकों तक पहुंचने हेतु टेलिविजन का माध्यम सर्वश्रेष्ठ है।’ टेलिविजन चैनल ‘एमटीवी’ पर 12 मार्च से प्रसारित होने वाले इस शो के लिए रणदीप को तैयार करना आसान नहीं था। रणदीप ने कहा, ‘पहले मुझे लगा कि यह मेरे लिए सही नहीं है। बिग एफ और महिलाएं। मैं आश्वस्त नहीं था। मैंने इसकी पहली सीरीज़ नहीं देखी थी। एमटीवी के मार्केटिंग चीफ ने मुझे शो और इसकी कहानियों के बारे में समझाया।’
‘सरबजीत’ फिल्म के ऐक्टर ने कहा, ‘महिलाओं के बारे में चर्चा जरूरी है। एमटीवी युवाओं से जुड़ा चैनल है और मैं दिल से अब भी किशोर हूं।’



































