मुम्बई। टीवी सीरीयल ‘कहानी घर-घर की’ और ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में काम कर घर-घर लोकप्रियता हासिल करने वाली साक्षी तंवर के फिल्म ‘दंगल’ में आमिर खान की पत्नी की भूमिका निभाने के बाद उनके छोटे पर्दे से अलग होने के कयास लगाए जाने लगे, लेकिन अभिनेत्री का कहना है कि 16 साल टेलीविजन को देने के बाद भला वह इसे क्यों छोड़ेंगी? साक्षी ने पूरे आत्मविश्वास से आईएएनएस से कहा, ‘मैंने अपने जीवन के 16 साल टीवी को दिए हैं। मैं जिस मुकाम पर हूं उसे हासलि करने के लिए कड़ी मेहनत की है, तो फिर मुझे इसे क्यों छोड़ देना चाहिए? वास्तव में मैं अधिक से अधिक माध्यमों के साथ प्रयोग करना पसंद करूंगी। यह टीवी, फिल्म या वेब के बारे में नहीं है..जैसा कि आपको पता है कि एक कलाकार जितने ज्यादा माध्यमों से जुड़ सकता है, उससे जुड़ने की कोशिश करता है।’
फिल्म ‘दंगल’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इतनी लोकप्रियता हासिल करने के बाद भी साक्षी जमीन से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में काम करने के बाद भी उनके लिए कुछ नहीं बदला है।
साक्षी (44) फिलहाल शो ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के सह-कलाकार राम कपूर के साथ एक वेब श्रृंखला में काम कर रही हैं और यह 15 अप्रैल को लांच होगा।



































