वर्ल्ड डांस डे के मौके पर चंडीगढ़ के कैपिटल काॅम्प्लेक्स में 15 हजार स्टूडेंट्स 45 मिनट लगातार डांस कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के साथ टाईअप किया है। 29 अप्रैल को ये इवेंट होगा, जिसके लिए तैयारियां और रजिस्ट्रेशन भी प्रशासन के लेवल पर शुरू हो गई हैं। इसके लिए ट्राइसिटी के स्कूलों, कॉलेजों और से स्टूडेंट्स चुने जाएंगे।
पर्यटन विभाग की ओर से ट्राइसिटी के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को लेटर भेजा गया है कि बच्चों को हिप-हॉप और पॉलीवुड डांस के लिए ट्रेनिंग दी जाए। इसके बाद इनका चयन किया जाएगा। अगर आप भी इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का हिस्सा बनना चाहते हैं तो जल्दी से रजिस्ट्रेशन करा लीजिए।
ऐसे करवाएं रजिस्ट्रेशन :
टूरिज्म डिपार्टमेंट की हेल्पलाइन 1800-180-2116 पर कॉल कर इस इवेंट में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। वहीं 9041333833 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन ई-मेल info@nautankibox.com और वेबसाइट पर www.nautankibox.com जानकारी कर सकते हैं। इसके लिए इंस्टीट्यूट भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
अभी तक ये बनें हैं रिकार्ड :
29 अप्रैल को होने वाले इवेंट से पहले पहले के रिकॉर्ड में फरवरी 2017 को कर्नाटक में प्रोग्राम हुआ था। इसमें 9219 स्टूडेंट्स, वहीं 2015 में अमृतसर में 8726 और मुंबई 2012 में हुए इवेंट में 4428 स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था। इससे पहले यूएसए में करीब 6000 लोगों ने डांस किया था नवंबर 2016 में, लेकिन इसको रिकॉर्ड में जगह नहीं मिली थी। चंडीगढ़ प्रशासन ने इस इवेंट को लेकर जिम्मेदारी टूरिज्म डिपार्टमेंट को सौंपी है। चंडीगढ़ पर्यटन विभाग और नौटंकी बॉक्स कंपनी की ओर से इस इवेंट का आयोजन किया जा रहा है।
45 मिनट लगातार एक जैसा डांस :
इस इवेंट में 15 हजार स्टूडेंट्स एक साथ 45 मिनट तक एक जैसा बॉलीवुड स्टाइल डांस करेंगे, जिसके लिए इन स्टूडेंट्स को करीब 15दिनों तक ट्रेनिंग भी प्रोफेशनल प्रोवाइड करवाएंगे।
इसके लिए टूरिज्म डिपार्टमेंट के साथ मिलकर प्राइवेट फर्म ने टीमें बनाई है जो ऑडिशन ले रही हैं। इसमें हर स्कूल, कॉलेज और इंस्टीट्यूट के 20 से 25 स्टूडेंट्स को पार्टिसिपेट करवाया जाएगा। इसके साथ कुछ प्रोफेशनल्स भी होंगे जो बच्चों को डांस सिखाएंगे और खुद भी इवेंट में भाग भी लेंगे।