मुम्बई। निर्माता—निर्देशक रोहित शेट्टी की गोलमाल सीरीज की चौथी फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ की शूटिंग यशराज स्टूडियों में शुरू हो चुकी है और यह टीम एक बार फिर से आपको गुदगुदाने के लिए आने वाली है। यश राज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म की कुछ तस्वीरें हम पहले भी देख चुके हैं। हाल ही में जब परिणीति चोपड़ा ने अपने डेब्यू सॉन्ग का वीडियो पोस्ट किया था तब भी अजय देवगन ने फिल्म की पूरी कास्ट की तस्वीर साथ में पोस्ट की थी। फिल्म के क्रू को एक शानदार तोहफा हाल में तब मिला जब दिग्गज अभिनेता संजय दत्त अचानक से शूटिंग सेट पर पहुंच गए। असल में संजय अब तक आगरा में अपनी फिल्म भूमि की शूटिंग कर रहे थे लेकिन अब उस शहर में उनकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और वह आगरा से वापस मुंबई आ गए हैं।
जानकारी के मुताबिक संजय दत्त कुछ दिनों तक मुंबई में शूटिंग करेंगे। उन्हें जब पता चला कि गोलमाल की टीम यश राज स्टूडियो में शूटिंग कर रही है तो वह सीधे वहीं जा पहुंचे और पूरी टीम को एक जबरदस्त सरप्राइज दिया। बॉलीवुड स्टार अजय देवगन ने यह तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट की है।
The original rockstar @duttsanjay pic.twitter.com/fbyzVdD2jx
— Ajay Devgn (@ajaydevgn) March 31, 2017
संजय ने लिखा- द ऑरिजनल रॉकस्टार। फिल्म भूमि की शूटिंग कर रहे संजय दत्त इस समय रिब (पसली) फ्रैक्चर से जूझ रहे हैं लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ब्रेक ना लेने का फैसला किया है। उनकी इस फिल्म में खून, पसीना और आंसू के साथ काफी मेहनत भी शामिल है। 57 साल के एक्टर की सराहना करते हुए प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कहा- हम संजय की सराहना करते हैं कि दर्द के बावजूद वो लगातार शूटिंग कर रहे हैं। वो सही मायनों में असाधारण शख्स और एक्टर हैं।
प्रोड्यूसर संदीप सिंह ने कहा- हम चंबल घाटी में क्लाइमैक्स सीन की शूटिंग कर रहे थे और संजय को एक्शन सीन करना था। इसी दौरान उन्होंने खुद को पसली में चोटिल कर लिया। वो इस समय काफी दर्द में हैं लेकिन ब्रेक नहीं ले रहे। बाद में जब वो डॉक्टर के पास गए तो एक्स रे में हेयरलाइन फ्रैक्चर सामने आया। हम शूट को रोकना चाहते थे लेकिन बाबा ने ऐसा करने से मना कर दिया। यह उनकी तरफ से प्रशंसा योग्य कदम है। संजय दत्त को काफी दर्द हो रहा था लेकिन अगले दिन पूरे क्रू की छुट्टी थी और उन्हें थोड़ा आराम मिल गया। इससे पहले शूटिंग के दौरान संजय ने अपने सिर में चोट लगा ली थी। उनकी फिल्म भूमि 4 अगस्त को थिएटर्स में आएगी।
































