Advertisement
Home कल्चर साहित्य बैजनाथ पंवार कथा पुरस्कार 2018 मेहरचंद धामू को

बैजनाथ पंवार कथा पुरस्कार 2018 मेहरचंद धामू को

0
1791
जयपुर। प्रयास संस्थान की ओर से दिया जाने वाला प्रतिष्ठित बैजनाथ पंवार कथा साहित्य पुरस्कार वर्ष 2018 के लिए राजस्थानी कहानी के सशक्त हस्ताक्षर मेहरचंद धामू को दिया जाएगा। संस्थान की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में की गई घोषणा के मुताबिक उन्हें यह पुरस्कार उनके राजस्थानी कहानी संग्रह ‘लाल बत्ती-हरी बत्ती’ पर दिया जा रहा है।
संस्थान के अध्यक्ष दुलाराम सहारण एवं सचिव कमल शर्मा ने बताया कि वर्ष 2018 में चूरू में होने वाले समारोह में धामू को पुरस्कृत किया जाएगा। धामू को पुरस्कार स्वरूप ग्यारह हजार रुपए, शाॅल, श्रीफल एवं शाॅल प्रदान कर पुरस्कृत किया जाएगा। चूरू के दिवंगत राजस्थानी साहित्यकार बैजनाथ पंवार की स्मृति में दिए जाने वाला यह पुरस्कार वर्ष 2016 में कथाकार रामस्वरूप किसान व 2017 में नंद भारद्वाज को दिया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि हनुमानगढ़ जिले के परलीका में 19 जून 1952 को जन्मे मेहरचंद धामू राजस्थानी साहित्य में एक बड़ा नाम हैं। आज भी खेती-किसानी से जुड़े धामू की कहानियों में राजस्थानी जन जीवन के जीवंत चित्रण के साथ-साथ पात्रों का मनोवैज्ञानिक चित्रण उन्हें राजस्थानी के अग्रणी कथाकारों में खड़ा करता है। उनके कहानी संग्रह ‘ताळवै चिप्योड़ी जीभ’ और ‘लाल बत्ती-हरी बत्ती’ खासे चर्चित रहे हैं। राजस्थानी की सभी प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में उनकी रचनाओं का निरंतर प्रकाशन होता रहा है।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here