मुम्बई। मशहूर कमीडियन कपिल शर्मा से कथित झगडे की खबरों के बाद से ही उनके को—एक्टर सुनील ग्रोवर ने कपिल के शो से दूरी बनाई हुई है। अब खबर आ रही है कि सुनली ग्रोवर एक नये टीवी शो ‘सबसे बड़ा कलाकार’ में दिखने वाले हैं इन्होंने मंगलवार को इसका एक एपिसोड शूट भी किया है। हालांकि, यह एपिसोड सोनी टीवी पर 7 मई को रात 8 बजे प्रसारित होगा। इस शो में उनके साथ ‘द कपिल शर्मा शो’ के ही को-ऐक्टर अली असगर भी होंगे।
‘सबसे बड़ा कलाकार’ सोनी चैनल पर ही आने वाला एक टीवी रिऐलिटी शो है। इसमें सुनील और अली मिलकर दर्शकों को हंसाते दिखेंगे। सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा के बीच हुए विवाद के बाद से सुनील और अली वापस ‘द कपिल शर्मा शो’ पर नहीं दिखे हैं। इस बीच कपिल शर्मा ने कॉमिडी शो की टीआरपी को वापस से हासिल करने की हर कोशिश की है। वह शो पर बुआ जी यानी उपासना सिंह को भी वापस लाए हैं।
सुनील ग्रोवर के फैन्स उनको इस कॉमिडी शो पर मिस कर रहे हैं। हालांकि, सुनील ने इस बीच अपने फैन्स का दिल नहीं तोड़ा और कई अलग-अलग जगहों पर शो किए। दिल्ली में परफॉर्म करने के साथ ही सुनील ग्रोवर ने इंडियन आइडल के लिए भी एक एपिसोड शूट किया था। बता दें कि सुनील ग्रोवर और अली असगर सोनी चैनल के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट में बंधे हैं। यह करार 28 अप्रैल को खत्म होना है।



































