मुम्बई। बॉलीवुड ऐक्ट्रेस प्रियंका चौपडा की एक लम्बे अंतराल अमेरिका में रहने के बाद शुक्रवार को घर वापसी हो गई है। भारत लौटने पर प्रियंका ने ट्वीट कर अपनी खुशी का इजहार करते हुए लिखा कि.. ‘मैं दुनिया में कहीं भी चली जाऊं, लेकिन घर लौटने से अच्छा और कुछ नहीं हो सकता। मुंबई लौटने पर जिस गर्मजोशी के साथ मेरा स्वागत किया गया, उसके लिए मैं सभी लोगों की शुक्रगुजार हूं।’
Wherever in the world I go.There is nothing like coming home.thank you to everyone who gave me such a warm welcome as I landed in mumbai ❤️
— PRIYANKA (@priyankachopra) April 22, 2017
घर लौटने से पहले प्रियंका को हॉलिवुड की जानी-मानी हस्ती रॉबर्ट डी नीरो और व्हूपी गोल्डबर्ग से मिलने और उनके साथ समय बिताने का भी मौका मिला। प्रियंका ने 16वें ट्रिबेका फिल्म समारोह के निर्णायक मंडल की सदस्य के तौर पर हॉलिवुड के इन दो नामी सितारों के साथ मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात की एक तस्वीर भी ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, ‘दिग्गज शख्सियतों के साथ एक दोपहर। 16 साल पूरे होने पर बधाई। ट्रिबेका 2017 निर्णायक मंडल में मुझे शामिल करने के लिए शुक्रिया।’
घर वापसी से पहले पैकिंग करते वक्त भी प्रियंका काफी भावुक नजर आईं थीं और उन्होंने ट्वीट किया था, ‘घर छोड़ने से पहले सामान बांधते वक्त कैसे अजीब से इमोशंस उठते हैं। कई ऐसी बातें दिमाग में उठती हैं, जो आपको याद नहीं रहतीं। अगली बार वापस आने से पहले न्यूयॉर्क में ऑफिशल तौर पर आखिरी हफ्ता।’ घर लौटने के बाद अब प्रियंका बॉलिवुड में नए प्रोजेक्ट्स पर विचार करेंगी। हालांकि, बीच में जब वह इंडिया आईं थीं, तब उनकी कुछ प्रॉजेक्ट्स को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन कुछ ठोस नतीजा सामने नहीं आ पाया था। उल्लेखनीय है कि प्रियंका ने हाल ही में सोशल मीडिया पर शेयर किया था कि वह जल्द ही न्यूयॉर्क को अलविदा कह कर स्वदेश लौटने की तैयारी कर रही हैं। आपको बता दें कि लंबे समय से प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड के किसी प्रोजेक्ट में नजर नहीं आई हैं।
प्रियंका के फैन्स को इंतजार है कि वो जल्द ही किसी हिंदी फिल्म में नजर आएगी। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि फिलहाल प्रियंका अपने प्रिय निर्देशक संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म ‘पद्मावती’ में किसी गेस्ट रोल में नजर आ सकती हैं। इसके अलावा भंसाली के निर्देशन में बनने वाली गीतकार साहिर लुधियानवी की बायोपिक में भी शाहरुख खान के अपोजिट प्रियंका चोपड़ा को लिए जाने की चर्चा चल रही थी। बतौर प्रड्यूसर भी प्रियंका कुछ नए प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने वाली है। फिलहाल इस बात को लेकर किसी तरह का कोई अधिकृत बयान नही आया है।
































