जयपुर। जयपुर महापौर अशोक लाहौटी ने कहा है कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ठ पहचान बनाते हुए आगे आ रही है,ऎसे में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही महिला प्रतिभाओं को सम्मानित करना सही मायने में महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ता कदम है।
महापौर अशोक लाहौटी गुरुवार को जयपुर से प्रकाशित सायंकालीन समाचार पत्र बुलेटिन टुडे की और से आयोजित वीमेन्स प्रोग्रेसन अवार्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे। महापौर लाहौटी, विधायक अशोक परनामी सहित अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 50 से अधिक महिलाओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने समाचार पत्र को बधाई देते हुए कहा कि समाचार का कंटेट इस तरह से हो जिससे लोगों को समाचार पत्र का इंतजार रहे।

विधायक अशोक परनामी ने कहा कि प्रतिभावान महिलाओं के सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रतिभाओं को प्रोत्साहन के साथ ही और अधिक निखार का अवसर मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि बुलेटिन टूडे समाचार पत्रों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब होगा। जी मीडिया के सीईओ और डीएनए के संपादक चन्द्र ने कहा कि आज ध्येय वाक्य खबर ही जीवन है बन गया है। ऎसे में पत्रकारिता के क्षेत्र में नई दिशा देने के प्रयास करने होंगे।
आरंभ में बुलेटिन टूडे के सीईओ आलोक शर्मा और संपादक सत्यनारायण खण्डेलवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला शक्ति को सम्मानित करने की पहल कर नई दिशा देने का प्रयास किया गया है।इस अवसर पर विधायक मोहन लाल गुप्ता, उपमहापौर मनोज भारद्वाज, देवस्थान बोर्ड के अध्यक्ष एसडी शर्मा सहित प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित थे।
Advertisement



































